जांजगीर : गांजा की पुटकी कर बिक्री करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जांजगीर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धनेश राठौर (45 वर्ष, निवासी पूटपुरा) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 80 ग्राम मादक पदार्थ गांजा जिसकी कीमत करीब 500 रुपये है, जब्त किया। आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर जिले में अवैध गांजा और शराब की बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 16 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पूटपुरा हाईवे चौक के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
थाना जांजगीर पुलिस ने आरोपी से बरामद गांजा को जप्त कर अपराध क्रमांक 860/25 पंजीबद्ध किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



