अर्जुन तेंदुलकर की होने जा रही शादी, PM को न्योता देने पहुंची सचिन फैमिली
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के घर जल्द ही शहनाई बजने वाली है। सचिन के बेटे अर्जुन तेंदुलकर अपनी मंगेतर सानिया के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। अर्जुन तेंदुलकर और सानिया की शादी साल 2026 की सबसे चर्चित शादियों में से एक होने वाली है। सचिन तेंदुलकर ने खुद इस खास अवसर के लिए देश की दिग्गज हस्तियों को आमंत्रित करना शुरू कर दिया है। सचिन तेंदुलकर ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें अर्जुन की शादी का औपचारिक निमंत्रण कार्ड सौंपा।
सचिन तेंदुलकर मंगलवार को प्रधानमंत्री से मिले। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। सचिन तेंदुलकर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘’हम सम्मानित महसूस कर रहे हैं कि हमें माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अर्जुन और सानिया की शादी में आमंत्रित करने का अवसर मिला। मोदी जी, आपके आशीर्वाद और युवा जोड़े के लिए आपकी विचारपूर्ण सलाह के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।”
सचिन तेंदुलकर ने अपनी दूसरी पोस्ट में लिखा, “पिछले साल फरवरी में, माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने राष्ट्रपति भवन में बड़े स्नेह के साथ हमारी मेजबानी की थी। आज हमने राष्ट्रपति जी से मिलकर अर्जुन और सानिया की शादी के लिए उन्हें आमंत्रित करने के दौरान उन स्मृतियों को फिर से जीया। आपके स्नेहपूर्ण शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद, माननीय राष्ट्रपति जी।
पिछले साल दोनों की अगस्त में निजी समारोह में सगाई हुई थी। शादी में क्रिकेट जगत की चुनिंदा हस्तियां शिरकत करेंगी। दोनों परिवारों ने खास मेहमानों को न्योता देने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अर्जुन तेंदुलकर की मंगेतर सानिया मुंबई के प्रसिद्ध कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वे जाने-माने उद्योगपति रवि घई की पोती हैं, जो ग्रेविस ग्रुप के चेयरमैन हैं।



