अकलतरा के चक्कीपारा में गांजा-शराब की अवैध बिक्री, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
अकलतरा/ नगर के वार्ड नं. 11 चक्कीपारा मोहल्ला में बसंत सूर्यवंशी एवं उसका पुत्र विकास सूर्यवंशी विगत कई दिनों से अपने घर में अवैध शराब एवं गांजा की बिक्री कर रहे थे। मोहल्ले के नागरिकों ने लगातार बढ़ रही इस अवैध गतिविधि की शिकायत उप पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा से की।
शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक उपनिरीक्षक दाऊलाल बरेठ, प्रधान आरक्षक अवधेष तिवारी, आरक्षक भूषण राठौर, सोमेश शर्मा एवं शेषनारायण साहू की टीम ने बसंत सूर्यवंशी के घर पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने लगभग 17 लीटर कच्ची महुआ शराब और 4 से 5 किलो गांजा बरामद किया।
हालांकि, गांजा की इतनी मात्रा मिलने के बावजूद नारकोटिक्स एक्ट के तहत कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, विकास सूर्यवंशी को थाने लाने के बाद भी बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस की टीम ने बसंत सूर्यवंशी से 1 लाख रुपये लेकर मामले को दबाने की कोशिश की। इस पूरे घटनाक्रम से न केवल पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि अवैध नशा व्यापारियों के खिलाफ गंभीर कार्रवाई नहीं होने से जनता में आक्रोश भी व्याप्त है।
अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
थाना प्रभारी मणिकांत पांडेय का वर्ज़न – मोहल्ले के लोगों की शिकायत पर पुलिस की टीम द्वारा 15 मई को महुआ शराब जप्त करने के साथ कार्रवाई की गई थी मोहल्ले के लोगों द्वारा गांजा जप्त होने एवं कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की गई है मामले में जांच की जाएगी।



