Janjgir champa News प्रैक्टिकल देने जा रहा युवक हादसे का शिकार
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। प्रैक्टिकल परीक्षा देने जा रहे एक युवक की सड़क पर अचानक आई गाय से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि गाय का सींग युवक की आंख में जा घुसा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, केरा गांव निवासी मनीष कुमार देवांगन (21 वर्ष) आज सुबह करीब 9 बजे राधाकृष्ण कॉलेज नवागढ़ प्रैक्टिकल परीक्षा देने मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान केरा और बर्रा मोड़ मिस्दा के पास अचानक सड़क पर आई गाय से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद गाय का सींग सीधे युवक की आंख में घुस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे नवागढ़ अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बिलासपुर रेफर कर दिया।
घायल युवक को बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद परिजन अस्पताल में मौजूद हैं।



