फ्रेंड्स कॉलोनी चोरी में पुलिस को 48 घंटे में बड़ी सफलता, बंद तिजोरी सहित 25.64 लाख का माल बरामद
रायगढ़ जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात में पुलिस को महज 48 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिव्यांग पटेल, पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने सघन सर्च अभियान चलाकर चोरी गई तिजोरी को बरामद कर लिया है।
सर्चिंग के दौरान न्यू अग्रोहा धाम भवन के पीछे झाड़ियों में चोरी गई तिजोरी बंद हालत में मिली। इसके बाद प्रार्थी आलोक अग्रवाल एवं उनके परिजनों की मौजूदगी में विधिवत पंचनामा कार्रवाई कर तिजोरी खोली गई, जिसमें रखे गए शत-प्रतिशत सोने–चांदी के जेवरात और नकद राशि सुरक्षित पाई गई।
इस मामले में 29 दिसंबर 2025 को थाना कोतरारोड थाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 505/2028, धारा 331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार घर से तिजोरी और अलमारी में रखे लगभग 54 तोला सोने–चांदी के आभूषण और करीब 2 लाख रुपये नकद चोरी हुए थे।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में बरामद तिजोरी से 27 तोला सोने के जेवरात (कीमत लगभग 25 लाख रुपये) और 64 हजार रुपये नकद, कुल 25.64 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। शेष चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
इस पूरे अभियान में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज, साइबर सेल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की अहम भूमिका रही।
चोरी गई तिजोरी की बरामदगी के बाद प्रार्थी पक्ष ने पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।



