भिलाई दुर्ग में दिनदहाड़े क्राइम, रेलवे स्टेशन रोड पर महिलाओं से चाकू की नोक पर सोने के गहनों की लूट
भिलाई: दुर्ग जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देने से भी नहीं हिचकिचा रहे हैं. ताजा मामला दुर्ग रेलवे स्टेशन रोड का है, जहां शाम लगभग 5 बजे दो महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग की सनसनीखेज घटना हुई. स्कूटी से अपने पारिवारिक रिश्तेदारों से मिलने जा रही दोनों महिलाओं को बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने रोककर गिरा दिया.
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता महिलाएं पद्मनाभपुर से शंकर नगर की ओर जा रही थीं. इसी दौरान जब वे शिव मंदिर के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी स्कूटी को ठोकर मार दी, जिससे दोनों महिलाएं सड़क पर गिर गईं. गिरने के तुरंत बाद एक आरोपी ने स्कूटी की पीछे बैठी वृद्ध महिला के मुंह को दबा लिया और मारपीट करते हुए उसके गले से सोने की चेन खींच ली. वहीं, दूसरा आरोपी चाकू निकालकर महिलाओं को धमकाता रहा. तीसरे युवक ने दूसरी महिला के गले से भी चेन छीनने की कोशिश की, लेकिन महिला के विरोध और चीख-पुकार करने पर अपराधी वहां से फरार हो गए.
घटना की शिकायत मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी. मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया है. पुलिस का कहना है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए युद्धस्तर पर तलाश जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
भिलाई दुर्ग में लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं से महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है.



