छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों को मिलेगी कैशलैस चिकित्सा सुविधा, लंबे समय से थी मांग
विधायक ब्यास कश्यप ने उठाया था मुद्दा, कर्मचारी संगठनों ने जताया आभार
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों के लिए कैशलैस चिकित्सा सुविधा प्रारंभ करने की घोषणा की गई है। यह निर्णय कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने पूर्व में स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर इस सुविधा की मांग की थी। साथ ही वर्तमान विधानसभा के बजट सत्र में भी उन्होंने राज्य के कर्मचारियों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा देने के संबंध में प्रश्न लगाकर जानकारी मांगी थी।
लंबे समय से थी मांग….
विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा लंबे समय से कैशलैस चिकित्सा सुविधा लागू करने की मांग की जा रही थी। कर्मचारियों का कहना था कि बीमारी की स्थिति में उन्हें पहले स्वयं इलाज का खर्च उठाना पड़ता है और बाद में मेडिकल बिल की प्रतिपूर्ति के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है, जिससे आर्थिक परेशानी होती थी।
घोषणा के बाद कर्मचारी संगठनों ने विधायक ब्यास कश्यप के प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया है और इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।



