क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा की संपत्ति जब्त, ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली: ऑनलाइन सट्टेबाजी 1x बेट ऐप मामले में प्रवर्तन निर्देशालय (ED) ने भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा समेत कई बॉलीवुड सेलिब्रिटिज की करोड़ों की संपत्ति जब्त कर ली. जिन सेलिब्रिटिज की संपत्ति अटैच की गई है, उनमें युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा के साथ-साथ उर्वशी रौतेला, सोनू सूद, मिमी चक्रवर्ती, अंकुश हजारा और नेहा शर्मा सरीखे बड़े नाम शामिल है.
किसकी कितनी संपत्ति जब्त
- युवराज सिंह- 2.5 करोड़
- रॉबिन उथप्पा- 8.26 लाख
- उर्वशी रौतेला- 2.02 करोड़ (ये संपत्ति इनकी माँ के नाम पर थी..)
- सोनू सूद- 1 करोड़
- मिमी चक्रवर्ती- 59 लाख
- अंकुश हजारा- 47.20 लाख
- नेहा शर्मा- 1.26 करोड़
ED की आज की इस कार्रवाई में 7.93 करोड़ की संपत्ति अटैच की गई है. इससे पहले भी इसी मामले में ED ने शिखर धवन की 4.55 करोड़ तो सुरेश रैना की 6.64 करोड़ की संपत्ति अटैच की थी. अब तक ईडी 1x बेट मामले में कुल 19.07 करोड़ की संपत्ति अटैच कर चुकी है. मामले की जांच जारी है.
सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अंतरिम आदेश जारी करने के बाद अभिनेत्री नेहा शर्मा, मॉडल एवं अभिनेत्री उर्वशी रौतेला की मां एवं बांग्ला अभिनेता अंकुश हाजरा की संपत्तियों को भी कुर्क किया गया है.
उन्होंने बताया कि कुर्क की गई संपत्तियों में सूद की लगभग एक करोड़ रुपये की, चक्रवर्ती की 59 लाख रुपये की, युवराज सिंह की 2.5 करोड़ रुपये की, शर्मा की 1.26 करोड़ रुपये की, उथप्पा की 8.26 लाख रुपये की, हाजरा की 47 लाख रुपये की और रौतेला की मां की 2.02 करोड़ रुपये की संपत्तियां शामिल हैं.
इन सभी लोगों से अतीत में ईडी ने पूछताछ की थी और इन संपत्तियों को कुराकाओ द्वीपीय देश में पंजीकृत कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप की ‘‘अपराध से प्राप्त आय’’ के रूप में वर्गीकृत किया गया है. ईडी ने कुछ समय पहले इस जांच के तहत पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन और सुरेश रैना की 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी.



