सक्ती में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: तीन स्थानों पर छापेमारी, 24 लीटर महुआ शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
सक्ती जिले मे कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा 17 जनवरी 2026 को आबकारी वृत्त सक्ती अंतर्गत जाजंग, कुरदा और सकरेली खुर्द में अवैध महुआ शराब कारोबार के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन अलग-अलग मामलों में कुल 24 लीटर महुआ शराब जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 7 बाजार चौक जाजंग थाना सक्ती में मुखबिर की सूचना पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में पहले खरीददार के माध्यम से महुआ शराब की खरीद कराई गई। बिक्री की पुष्टि होने पर सन्नी मेहरा पिता सुरेश मेहरा के कब्जे से उसकी सफेद रंग की TVS स्टार सिटी प्लस बाइक की डिक्की में छिपाकर रखे गए 36 प्लास्टिक पाउच, प्रत्येक 250 मिलीलीटर, कुल 9 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 11 कुरदा थाना नगरदा में छापामार कार्रवाई के दौरान सुकरिता केंवट पति लक्ष्मण केंवट के घर की विधिवत तलाशी में ईंटों के ढेर में छिपाकर रखे गए 32 प्लास्टिक पाउच, प्रत्येक 250 मिलीलीटर, कुल 8 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। वहीं सकरेली खुर्द निवासी ललिता लहरें पति नरेंद्र लहरें के द्वारा अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री की सूचना पर की गई कार्रवाई में एक सिल्वर बर्तन में भरी 7 लीटर महुआ शराब बरामद कर आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया गया।
तीनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59 के तहत कुल तीन प्रकरण दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से रिमांड मिलने के बाद जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान, आबकारी मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, विष्णु कौशिक, परस राम कहरा, कमलेश यादव एवं भारती यादव का सराहनीय योगदान रहा।



