डर्टी ‘न्यूड पार्टी’ का पोस्टर जारी करने वाला गिरफ्तार: एमपी के अनूपपुर से पकड़ा गया आरोपी
रायपुर। क्लब, होटल में नाच-गाने, कल्चरल इवेंट के नाम पर अश्लीलता परोसने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इंस्टाग्राम में सिनफुल राइटर 1 नाम के पेज में न्यूड पार्टी के नाम से पोस्टर जारी करने के आरोप में पुलिस ने मध्यप्रदेश, अनूपपुर के एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के एक अन्य साथी की पुलिस तलाश कर रही है। फरार युवक न्यूड पार्टी का मास्टर माइंड बताया जा रहा है।मध्यप्रदेश से गिरफ्तार युवक को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दो दिनों की पूछताछ करने रिमांड पर लिया है। पुलिस ने तय समय से ज्यादा समय तक रविवार देर रात 15 स्थानों में छापे की कार्रवाई की है। इस दौरान एक क्लब संचालक की पुलिस के साथ झूमाझटकी हुई है। पुलिस ने आदर्श अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आदर्श के कब्जे से पुलिस ने एक आईफोन जब्त किया है। आदर्श पेशे से कारोबारी परिवार से जुड़ा है। उसके पिता की बिजूरी में इलेक्ट्रॉनिक्स की शॉप है। आदर्श अग्रवाल ने 13 सितंबर को इंस्टाग्राम पेज में में न्यूड पार्टी आयोजित करने पोस्टर जारी किया था। पोस्टर जारी होने के बाद हंगामा हो गया।
पुलिस की साइबर सेल की टीम इंस्टाग्राम आईडी की जांच कर आदर्श का मोइल नंबर निकालकर उसका लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तार किया है। न्यूड पार्टी के लिए जो पोस्टर जारी किया गया था, उसमें पार्टी करने की तारीख तथा जगह का उल्लेख नहीं किया गया है। पुलिस पूछताछ में स्पष्ट हो पाएगा कि आदर्श तथा उसके अन्य साथी क्या रायपुर में न्यूड पार्टी करने वाले थे। करने वाले थे तो उन लोगों द्वारा स्थानीय स्तर पर किनसे मदद ली जा रही थी। पार्टी कहां और कब आयोजित होने वाली थी। पूछताछ के बाद इन बातों का खुलासा हो पाएगा।



