चांपा पुलिस की हिरासत में युवक की बिगड़ी थी तबीयत हुई मौत, थाने का घेराव; परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
जांजगीर-चांपा। चांपा पुलिस की हिरासत में 30 वर्षीय युवक शिव सहिस की बुधवार को तबियत खराब होने के बाद जिला अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार की सुबह लगभग 8.30 बजे मौत हुई है। बताया जा रहा है कि चांपा थाने के एक प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर और दो आरक्षक ने युवक शिव के घर से 20 लीटर अवैध देशी शराब के साथ में बुधवार की दोपहर में पकड़ कर थाने लेकर आई थी। देर रात 10 बजे थाने में तबीयत बिगड़ने के बाद उसे पहले उपचार के लिए BDM अस्पताल में भेजा गया था वहां ईलाज के बाद 6 बजे जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक चांपा के मेहंदीपारा का रहने वाला है।पुलिस के मुताबिक युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था, जबकि मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन और बड़ी संख्या में लोग चांपा थाने पहुंच गए और घेराव किया।
स्थिति को देखते हुए थाने में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल घटना के कारणों और युवक की मौत की परिस्थितियों को लेकर पोस्टमार्टम और आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क ने बताया कि शिव सहिस के खिलाफ पूर्व में भी अपराध दर्ज रहे हैं। शराब बिक्री और मारपीट से जुड़े मामलों सहित यह उसका चौथा मामला बताया गया है। बुधवार को उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई थी और रिमांड की प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में लिया गया था।
न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक की मौत हिरासत में हुई है, इसलिए मामले में नियमानुसार न्यायिक जांच/न्यायिक इन्क्वेस्ट की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य बिंदुओं की जांच न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देश में गठित टीम द्वारा की जाएगी।
अधिकारी ने कहा कि जांच में जो भी संदिग्ध तथ्य सामने आएंगे और जिस व्यक्ति की भूमिका पाई जाएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कांस्टेबल निलंबित, लाइन अटैच
पुलिस के अनुसार मामले में एक स्थानीय कांस्टेबल के संबंध में शिकायत तत्व की जानकारी मिली है। पूर्व में भी किसी मामले से उसके संबंध की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। इसके बाद एसपी ने तत्काल प्रभाव से कांस्टेबल को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है।
थाने और अस्पताल में जुटी भीड़
युवक की मौत के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। चांपा थाना और अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल और महिला बल तैनात किया है। अधिकारियों के अनुसार माहौल को शांत रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
परिजनों ने पुलिस के सामने तीन मांग रखी है …
पहली मांग है कि जिसने मारपीट की है उस पर कार्यवाही होनी चाहिए।
दूसरी मांग की तत्काल मुआवजे के रूप में 50 लाख रुपए दी जाए।
तीसरी मांग परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए है।



