सिवनी तालाब किनारे चल रहा था कोरेक्स का काला कारोबार, चांपा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, 25 बोतल नशीली कफ सिरप, बाइक और नगदी जब्त
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सिवनी के मंडल तालाब के पास चल रहे कोरेक्स के काले कारोबार का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 नग मादक कफ सिरप, नगदी रकम और मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार निवेदिता पाल के निर्देशन और उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान आज सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि सिवनी मंडल तालाब के पास एक व्यक्ति नशीली कफ सिरप बेच रहा है।
सूचना के आधार पर थाना चांपा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ काला बैग लिए संदिग्ध हालत में खड़ा मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजू दिवाकर (35 वर्ष), निवासी बालपुर थाना चांपा बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 25 नग मादक कफ सिरप/कोरेक्स बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 5 हजार 75 रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BM 5855 और 950 रुपये नगद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



