जांजगीर-चांपा/लछनपुर में भ्रष्टाचार का बम घटिया निर्माण पर उपसरपंच का खुलासा, सरपंच-ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग..
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड के ग्राम लछनपुर से भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है, जहां निर्माण कार्यों में भारी गड़बड़ी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगा है। उपसरपंच ने खुद सामने आकर सरपंच और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कलेक्टर से कार्रवाई की मांग की है ग्राम पंचायत लछनपुर में खाद्यान्न भंडारण भवन के निर्माण कार्य में अनियमितताओं का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। उपसरपंच रामगोपाल साहू ने कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।शिकायत के मुताबिक, भवन निर्माण में घटिया रेत, गिट्टी और सीमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है, वहीं तय मापदंडों के अनुसार सामग्री भी नहीं लगाई जा रही है। इतना ही नहीं, सरिया और कंक्रीट के काम में भी गंभीर गड़बड़ी का आरोप है, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि अब तक संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई ठोस निरीक्षण नहीं किया गया, जिससे ठेकेदार और जिम्मेदारों के हौसले बुलंद हैं।उपसरपंच ने इसे सरकारी राशि का खुला दुरुपयोग बताते हुए उच्च स्तरीय तकनीकी जांच की मांग की है। साथ ही, जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य को तत्काल रोकने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई है।अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा। फिलहाल, ग्रामीणों की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।
उपसरपंच रामगोपाल साहू ने बताया कि “निर्माण में भारी गड़बड़ी हो रही है, घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। हमने कलेक्टर को शिकायत दी है और मांग की है कि जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई हो।




