Sakti News: सक्ती पुलिस की बड़ी कार्यवाही: कार में गांजा तस्करी करते 2 अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार
कार से गांजा की तस्करी कर रहे दो तस्कर गिरफ्तार, बाराद्वार पुलिस ने पकड़ा करीब 7 लाख का माल
सक्ती। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के सख्त तेवरों का असर दिखने लगा है। थाना बाराद्वार पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध रूप से गांजा परिवहन कर रहे दो अंतरजिला तस्करों को रंगे हाथ पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की मारुति डिजायर कार (CG 13 AQ 2241) में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। थाना प्रभारी नरेन्द्र यादव ने तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान कार से 9.225 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार मूल्य लगभग 4,55,000 रुपये आंकी गई है।पुलिस ने मामले में अमर सिंह गुप्ता (32 वर्ष, खरसिया) और मनी राम उर्फ बंटी ध्रुव (20 वर्ष, बिलासपुर) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त कार सहित कुल 6,80,000 रुपये का मशरूका जप्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत कार्यवाही कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।इस कार्यवाही में निरीक्षक नरेन्द्र यादव, सउनि मथुरा प्रसाद मन्नेवार, यशवंत राठौर, प्र.आर. प्रेमनारायण राठौर एवं आरक्षक श्याम हरवंश, शैलेन्द्र, प्रमोद व सतीश यादव की सराहनीय भूमिका रही।



