भादा मोड़ राइस मिल में छापा: 15 ट्रक अवैध इमारती लकड़ी जब्त, तेंदू और खैर की लकड़ी लगभग 50 लाख रुपए की बरामद
जांजगीर-चांपा। जिले में लंबे समय से चल रहे अवैध लकड़ी तस्करी के नेटवर्क पर वन विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में इमारती लकड़ी जब्त की है। ग्राम अकलतरी के पास भादा मोड़ स्थित एक पुराने राइस मिल परिसर में छापेमारी कर करीब 15 ट्रक लकड़ी बरामद की गई।
वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि परिसर में अवैध रूप से लकड़ी का भंडारण और कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने दबिश दी तो विभिन्न प्रजातियों की इमारती लकड़ियां मौके से मिलीं। जब्त लकड़ियों की कीमत का आकलन किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में परिसर से तेंदू की लकड़ी भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है, जिसका उपयोग कथित तौर पर 12 बोर की बंदूक बनाने में किया जाता है।
जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले का वन क्षेत्र चांपा स्थित वन विभाग कार्यालय के संयुक्त संचालन में आता है। ऐसे में यह कार्रवाई दोनों जिलों के लिए अहम मानी जा रही है।
अब जांच का फोकस इस बात पर है कि अवैध भंडारण के पीछे कौन लोग शामिल हैं, राइस मिल किसकी है और किसके संरक्षण में यह कारोबार चल रहा था। वन विभाग ने जांच तेज कर दी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा जल्द होने की संभावना जताई है।



