आदित्य प्रभु दुबे एवं टीम की शानदार जीत, नेपाल में लहराया तिरंगा
सक्ती -जैजैपुर। आत्मानंद स्कूल जैजैपुर के होनहार विद्यार्थी आदित्य प्रभु दुबे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नेपाल में आयोजित 10वीं अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप (अंडर-16) में आदित्य ने अपनी टीम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियन ट्रॉफी जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
आदित्य प्रभु दुबे वर्तमान में आत्मानंद स्कूल जैजैपुर में कक्षा 11वीं विज्ञान का विद्यार्थी है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम ने बेहतरीन समन्वय, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय दिया, जिसमें आदित्य की अहम भूमिका रही। फाइनल मुकाबले में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से न केवल आदित्य का, बल्कि आत्मानंद स्कूल जैजैपुर और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा है। विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्राचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने आदित्य की इस सफलता को प्रेरणादायक बताया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह जीत विद्यार्थियों के लिए कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। आदित्य की सफलता में उनके माता-पिता, शिक्षकों और कोच का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने हर कदम पर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने आदित्य प्रभु दुबे को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



