“शिक्षक भर्ती 2023: 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर युवा कांग्रेस का कलेक्टर कार्यालय में प्रदर्शन, हाईकोर्ट आदेश के त्वरित पालन की उठी मांग”
जांजगीर–चांपा जिले में शिक्षक भर्ती 2023 को लेकर युवा कांग्रेस ने आज जोरदार आवाज बुलंद की। जिले के युवा कांग्रेस पदाधिकारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सहायक शिक्षक के 2300 रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।युवा कांग्रेस का कहना है कि माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर द्वारा याचिका क्रमांक WPS 3052/2025, 3999/2025 एवं 3946/2025 में शिक्षक भर्ती 2023 के सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर 26 सितंबर 2025 को स्पष्ट आदेश पारित किया गया है। हाईकोर्ट ने अपने आदेश में निर्देश दिए हैं कि पूरी नियुक्ति प्रक्रिया दो माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाए।युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने प्रशासन से मांग की है कि माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर के आदेश का पूर्ण सम्मान करते हुए शिक्षक भर्ती 2023 के तहत सहायक शिक्षक के सभी 2300 रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए और निर्धारित समय-सीमा में इसे पूरा किया जाए।अब बड़ा सवाल यह है कि हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश के बाद प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और अभ्यर्थियों को कब तक राहत मिल पाती है।



