मोबाइल चलाना होगा और महंगा, दिसंबर में Airtel-Jio-Vi सभी बढ़ाने वाले हैं रिचार्ज रेट
टेलिकॉम सेक्टर की कमाई की रफ्तार सितंबर तिमाही में काफी धीमी पड़ गई। पहले जहां रेवेन्यू ग्रोथ 14-16% रहती थी, वही अब घटकर 10% के करीब आ गई है। दिसंबर तिमाही में यह और कम होने की आशंका है। यही कारण है कि विश्लेषकों का अनुमान है कि कंपनियां 15% तक टैरिफ बढ़ोतरी कर सकती हैं।
इस तिमाही में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले। Vodafone Idea (Vi) ने 1,999 रुपये वाले वार्षिक प्लान 12% महंगा कर दिया। वहीं 84 दिन वैलिडिटी वाले प्लान पर 7% बढ़ोतरी की गई है।
ET Telecom की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रोकरेज फर्म Motilal Oswal का मानना है कि महंगाई स्थिर रहने और निकट भविष्य में किसी बड़े चुनाव का दबाव न होने के कारण कंपनियां दिसंबर में अपना सामान्य टैरिफ हाइक साइकल दोबारा शुरू कर सकती हैं। सबसे लोकप्रिय 28 दिन वाले 1.5GB/दिन डेटा प्लान की कीमत में करीब 50 रुपये तक का इजाफा हो सकता है, जिससे यूजर्स की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
वोडाफोन आइडिया फिलहाल अपने लो-एंड यूजर्स को Jio और Airtel के हाथों तेजी से खो रहा है, हालांकि उसके कई पुराने और वफादार ग्राहक अब भी जुड़े हुए हैं, खासकर वे जो सालाना प्लान लेते हैं।
कंपनी प्रबंधन ने पहले ही संकेत दिया था कि अगली बढ़ोतरी पहले जितनी बड़ी नहीं होगी, लेकिन यह भी सच है कि Vi ने पिछले 15 महीनों में कोई बड़ी कीमत बढ़ोतरी नहीं की है, इसलिए अब कंपनी राजस्व बढ़ाने के लिए कदम उठा सकती है।



