टी20 सीरीज से पहले शुभमन गिल की फिटनेस पर बड़ा अपडेट, बीसीसीआई ने जारी किया ये फरमान
नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया को एक बड़ी खुशखबरी मिली है. टी20 टीम के उप कप्तान शुभमन गिल को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तरफ से मैदान पर उतरने की मंजूरी मिल गई है. गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान चोटिल हो गए थे. शुभमन गिल टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के कप्तान थे, लेकिन उनके चोटिल होने की वजह से फिर ऋषभ पंत ने टीम की कप्तानी की. साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था.
कोलकाता में गिल जैसे ही बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे उनकी गर्दन में अकड़न आ गई थी, लेकिन अब उन्होंने सफलतापूर्वक रिहैबिलिटेशन पूरा कर लिया है. गिल को फिटनेस के आधार पर टीम में चुना गया था और उन्हें खेल में वापसी के लिए रिहैबिलिटेशन से जुड़े सारे प्रोटोकॉल से गुजरना पड़ा.
सीओई की ओर से टीम मैनेजमेंट की खेल विज्ञान एवं चिकित्सा (एसएसएम) टीम को भेजे गए पत्र में कहा गया है, ‘‘शुभमन गिल ने सीओई में अपना रिहैबिलिटेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. उन्होंने खेल के सभी प्रारूपों के लिए फिट घोषित होने के लिए आवश्यक मानदंडों को पूरा कर लिया है.’’ इस टीम में फिजियो कमलेश जैन, स्ट्रेंथ एवं कंडीशनिंग कोच एड्रियन ली रॉ और खेल चिकित्सक डॉ. चार्ल्स शामिल हैं.
गिल कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन चोटिल हो गए थे और उन्हें दो दिन के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था तथा इंजेक्शन भी लगाना पड़ा था. वह मौजूदा वनडे सीरीज में नहीं खेल पाए थे, लेकिन टी20 सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता को लेकर सभी संदेह दूर हो गए हैं. टी20 अंतरराष्ट्रीय में खेलने वाले अधिकतर खिलाड़ी रविवार से प्रैक्टिस शुरू करेंगे.



