रायपुर रेलवे स्टेशन में 4 दिन से कुलियों का प्रदर्शन जारी, बैटरी कार का कर रहे विरोध, SDCM ने दिया जवाब
रायपुर: प्रदेश की राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन में रायपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए बैटरी चलित कार लाई गई है. इसके विरोध में रायपुर के 105 कुली और उनके परिजन पिछले 4 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं. कुली संघ का कहना है कि बैटरी चलित कार का टेंडर निरस्त किया जाए या फिर कुलियों को दूसरी जगह व्यवस्थापन किया जाए.
अधिकारी का क्या कहना है
रायपुर रेल मंडल के अधिकारी का कहना है कि बैटरी चलित कार के आने से कुलियों का काम प्रभावित नहीं होगा. जैसे पहले लगेज उठाने का काम करते थे, वैसे अब भी करेंगे. व्यवस्थापन की बात को लेकर उन्होंने कहा कि रेलवे में ऐसा कोई नियम या प्रावधान नहीं है.
गुमराह कर रहे अधिकारी
इधर कुली संघ का कहना है कि, रेलवे के अधिकारी रेल यात्रियों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं. रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म में पहले से मारवाड़ी समाज की ओर से विकलांग और बुजुर्गों के लिए निशुल्क गाड़ी की व्यवस्था है. जिसका विरोध हम लोग नहीं कर रहे हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से जो बैटरी चलित कर लाई गई है उसको लेकर हम लोग प्रदर्शन कर रहे हैं.
एक तरफ कुलियों का कहना है कि, उन्हें परिवार चलाने में मुश्किल हो रही है. वहीं अधिकारियों का कहना है कि, कुलियों का काम बोझा ढोने का है लेकिन इस बैटरी कार में बोझा ढोना अलाउड नहीं है. ऐसे में कुली के काम प्रभावित होंगे ऐसा सोचना बिल्कुल गलत है.



