रायगढ़ में चोरों का आतंक; कार चोरी की वारदात CCTV में कैद
“बात रायगढ़ की हो और चोरी की घटनाओं का जिक्र न हो… ऐसा अब नामुमकिन सा हो गया है। आए दिन रायगढ़ में चोरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। कभी घरों में सेंधमारी तो कभी वाहनों की चोरी… अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताज़ा मामला सामने आया है हंडी चौक के पास गायत्री मंदिर का… जहां देर रात एक कार चोर ने सीसीटीवी कैमरे के सामने ही बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम दे डाला। सवाल ये है कि जब चोर इतने बेखौफ हैं… तो क्या रायगढ़ की पुलिस सचमुच इन पर नकेल कसने में नाकाम हो रही है?”
“रायगढ़ के हंडी चौक स्थित गायत्री मंदिर के पास कल देर रात करीब 9 बजे का वाकया है। यहां पर सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट कार को निशाना बनाया गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि एक युवक आता है… कुछ देर तक इधर-उधर टहलता है और फिर चंद सेकंड में कार का लॉक खोल देता है। लॉक खुलते ही युवक बिना किसी हिचकिचाहट के कार लेकर फरार हो जाता है।
कार मालिक गोपाल शर्मा ने इस घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। वहीं, फुटेज देखने के बाद यह साफ हो गया है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं है।
गौर करने वाली बात ये भी है कि जहां एक तरफ पुलिस ने कल ही बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया था, वहीं दूसरी तरफ कार चोरी की ये नई वारदात सामने आना पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है।



