दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई : बाइक चोरी करने वाले तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार, कई वाहन बरामद
दुर्ग जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पाटन पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की गई कई मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। पकड़े गए आरोपी बीते डेढ़ साल से अलग-अलग जगहों पर वाहनों की चोरी कर उन्हें बेचने की फिराक में थे।
जानकारी के मुताबिक प्रार्थी सुरेश कुमार वर्मा ने 10 जनवरी 2024 को थाना रानीतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 9 जनवरी की रात ड्यूटी से लौटते समय ग्राम फुंडा और पुनईडीह के बीच बाइक खड़ी कर पेशाब करने गया। उसी दौरान दो अज्ञात युवक उसकी मोटरसाइकिल (एचएफ डीलक्स, नंबर सीजी-07-एक्यू-7821) चोरी कर ले गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने 30 अगस्त 2025 को पाटन शराब भट्टी के पास संदिग्ध हालत में तीन युवकों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कुणाल यादव (18 वर्ष), लक्की वर्मा (25 वर्ष) और करण यादव (19 वर्ष) निवासी पाटन क्षेत्र बताया। तलाशी में उनके पास से चोरी की मोटरसाइकिलें – होंडा साइन (सीजी-07-बीएल- 8491) और सुपर स्प्लेंडर (बिना नंबर प्लेट) बरामद हुईं। आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने डेढ़ वर्ष पूर्व सुरेश कुमार वर्मा की मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके अलावा छह माह पहले पाटन वार्ड-04 से एचएफ डीलक्स (सीजी-08-एके- 1443), ग्राम सिकोला से होंडा साइन और रायपुर गुड़ियारी से सुपर स्प्लेंडर की चोरी भी की है। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वहीं दूसरी ओर दुर्ग कोतवाली थाना में मेडिकल एजेंसी संचालक पंकज साहू ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को सुबह 11 बजे अपनी मोटरसाइकिल (कीमत करीब 25 हजार रुपये) को बस स्टैंड स्थित जीवन रेखा परिसर में खड़ी कर एजेंसी के अंदर चले गए थे। दोपहर 2:30 बजे लौटने पर उनकी बाइक गायब मिली। इस संबंध में 29 अगस्त को उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



