रोहित के बाद कौन बनेगा वनडे कप्तान? आकाश ने क्लियर कट बताया नाम, बोले- बिना नियुक्ति के ही तय
रोहित शर्मा टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। वह अब सिर्फ भारत के लिए वनडे खेलेंगे। 38 वर्षीय रोहित फिलहाल भारतीय वनडे टीम के कप्तान हैं। रोहित के बाद भारत का वनडे कप्तान कौन बनेगा? इसे लेकर इन दिनों जमकर चर्चा चल रही है। अनेक लोगों को लगता है कि 30 वर्षीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर भी दावेदार हैं। वहीं, भारत के पूर्व बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा को ऐसा नहीं लगता। उन्होंने क्लियर कट 25 वर्षीय शुभमन गिल का नाम लिया, जिन्हें हाल ही में भारतीय टी20 टीम का फिर से उपकप्तान बनाया गया है। गिल टेस्ट टीम के कप्तान हैं। उनकी अगुवाई में भारत ने इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई थी।
दरअसल, आकाश से पूछा गया कि भारत का अगला वनडे कप्तान कौन होगा? उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर जवाब में कहा, ”अच्छा सवाल है क्योंकि अफवाहों का बाजार बहुत गर्म है। कहा जा रहा है कि श्रेयस अय्यर कप्तान बनेंगे, वह शुभमन गिल को रेस में पछाड़ेंगे। कहां से लाते हो ऐसी बातें? मेरे विचार में अगला जो कप्तान हैं, वो बिना नियुक्ति के ही तय हो चुका है। वो खिलाड़ी हैं शुभमन गिल। गिल टेस्ट टीम के कप्तान हैं। उन्हें टी20 टीम का उपकप्तान बनाया गया है। उन्हें अचानक यह जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई। मैनेजमेंट के पास लॉजिक था। हालांकि, अक्षर पटेल ने कुछ खराब नहीं किया था। और किसी को भी नहीं लग रहा था कि जगह ऑटोमेटिकली उनके पास चली जाएगी।। आप इसके खिलाफ भी तर्क दे सकते हैं। अगर गिल को टी20 का उपकप्तान बना दिया गया है तो वह वनडे के उपकप्तान पहले से ही हैं। सवाल मत पूछिए। गिल ही अगले वनडे कप्तान होंगे।”
हालांकि, पूर्व बल्लेबाज ने श्रेयस को वनडे का एक अहम प्लेयर करार दिया। आकाश ने कहा, ”श्रेयस अय्यर वनडे के बहुत महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। मेरे विचार में वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम भी होंगे। पर श्रेयस वनडे के कप्तान नहीं बनने वाले। अब किसने, कौन-सी अवफाह और स्टोरी चलाई है, मुझे उसके पीछे की कहानी नहीं पता।” वहीं, आकाश से यह सवाल भी पूछा गया कि श्रेयस और गिल में से कौन बेहतर कप्तान है? कमेंटेटर ने जवाब में कहा, ”यह कहना बहुत मुश्किल है क्योंकि श्रेयस ने जो काम किया है, वो कमाल का है। उन्होंने केकेआर को चैंपियन बनाया और पंजाब किंग्स को फाइनल में पहुंचाया। मुझे लगता है कि वह कप्तानी के लिए अगले दावेदार हो सकते थे लेकिन शुभमन गिल का रिकॉर्ड भी खराब नहीं है। वह दूसरे साल गुजरात टाइटन्स को प्लेऑफ में ले गए और इंग्लैंड में सीरीज ड्रॉ कराई।”



