सोशल मीडिया में अश्लील वीडियो अपलोड करने वाला आरोपी:- पुलिस के हत्थे चढ़ा,इन धाराओं के तहत हुआ गिरफ्तार….
बिलासपुर:- जिले के थाना कोटा क्षेत्र अंतर्गत साइबर अपराध के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर महिला और बच्चों के अश्लील वीडियो अपलोड करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजीत कुमार उर्फ सोनू रात्रे (उम्र 32 वर्ष), निवासी ग्राम लोकबंद थाना कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में चेतना अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य साइबर अपराधों सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण पाना है। भारत सरकार गृह मंत्रालय की साइबर टिप लाइन से प्राप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें बताया गया था कि आरोपी ने फेसबुक और गूगल पर अश्लील वीडियो अपलोड किए हैं।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती अर्चना झा (रा.पु.से.) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में साइबर सेल बिलासपुर के सहयोग से आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई। तकनीकी निगरानी और सटीक कार्यवाही के तहत आरोपी को धर दबोचा गया।
पुलिस ने आरोपी संजीत उर्फ सोनू रात्रे के विरुद्ध धारा 67(बी) आईटी एक्ट तथा 15(2) पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा है।



