गोवा अग्निकांड में दिल्ली के एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, परिवार में पसरा मातम
नई दिल्ली: गोवा के नाइटक्लब में हुआ अग्निकांड कई लोगों के लिए काल बन गया. हादसे में 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें दिल्ली के एक ही परिवार के 4 लोग भी शामिल हैं. मिली जानकारी के अनुसार, इस परिवार की यह पहली गोवा ट्रिप थी, जो आखिरी ट्रिप बनकर रह गई. दिल्ली के चार लोग सरोज जोशी, अनीता जोशी, कमला जोशी और विनोद कुमार की इस घटना में मौत हो गई, जिनकी पहचान उनकी रिश्तेदार भावना जोशी ने की.
मृतकों में अनीता की उम्र 41 साल, कमला जोशी उम्र की 42 साल और सरोज जोशी की उम्र 39 साल और विनोद कुमार की उम्र 43 साल बताई जा रही है. भावना जोशी गोवा नाइट क्लब पहुंचे इस परिवार में इकलौती हैं, जो हादसे में जिंदा बची हैं. पत्नी को बचाने के बाद तीन सालियों को निकालने के लिए अंदर गए विनोद जोशी उनके साथ ही अग्निकांड का शिकार हो गए. घटना के बाद दिल्ली के परिवार में मातम पसरा हुआ है.
आज लाए जाएंगे शव: घटना के बाद परिवार के पास पड़ोसी व रिश्तेदार संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए पहुंच रहे हैं. पड़ोसियों ने बताया कि सोमवार शाम तक शव को उत्तम नगर, दिल्ली लाया जाएगा. मृतक विनोद के बड़े भाई और परिवार के अन्य सदस्य शवों को लेने के लिए कल ही गोवा निकल गए थे. कानूनी कार्रवाई के बाद वे शवों को लेकर दिल्ली पहुंचेंगे.



