कौन हैं रिद्धिमा पाठक, जिन्होंने बांग्लादेशी लीग को मारी ठोकर, बोलीं- मेरे लिए देश पहले
भारतीय स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर रिद्धिमा पाठक ने यह पुष्टि की है कि उन्होंने खुद बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के ब्रॉडकास्टिंग पैनल से हटने का फैसला लिया था और उन खबरों को खारिज किया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उन्हें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने हटा दिया है. उनका यह स्पष्टीकरण ऐसे समय पर आया है, जब भारतीय और बांग्लादेशी क्रिकेट बोर्ड्स के बीच तनाव चरम पर है.
BPL से बाहर होने को लेकर चल रही अटकलों के बीच रिद्धिमा पाठक ने सीधे तौर पर इन दावों पर प्रतिक्रिया दी और अपने हटने की वजह स्पष्ट की. उनका यह फैसला ऐसे दौर में सामने आया है, जब दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और मीडिया व फैंस हर घटनाक्रम को करीब से फॉलो कर रहे हैं.
क्या बोलीं रिद्धिमा पाठक
अपने सार्वजनिक बयान में रिद्धिमा पाठक ने कहा, ‘पिछले कुछ घंटों में एक कहानी चलाई जा रही है कि मुझे BPL से ‘ड्रॉप’ कर दिया गया. यह सच नहीं है. मैंने खुद निजी तौर पर बाहर होने का फैसला लिया. मेरे लिए मेरा देश हमेशा पहले आता है. और मैं क्रिकेट को किसी एक असाइनमेंट से कहीं ऊपर मानती हूं. मुझे सालों से इस खेल की ईमानदारी, सम्मान और जुनून के साथ सेवा करने का सौभाग्य मिला है. यह कभी नहीं बदलेगा. मैं आगे भी ईमानदारी, स्पष्टता और खेल की भावना के साथ खड़ी रहूंगी.’
कौन हैं रिद्धिमा
रिद्धिमा का जन्म 17 फरवरी साल 1990 में झारखंड की राजधानी रांची में हुआ था. पेशे से वह मॉडल, एक्टर, वॉइस आर्टिस्ट, टीवी प्रजेंटर और एंकर हैं. रिद्धिमा ने अपने करियर की शुरुआत एक रेडियो स्टेशन में इंटर्नशिप के जरिए की थी. वह स्टार स्पोर्ट्स, टेन स्पोर्ट्स, सोनी और जियो पर काफी सारे स्पोर्ट्स ईवेंट्स को प्रजेंट कर चुकी हैं. रिद्धिमा को खास पहचान टोक्यो ओलंपिक्स के दौरान मिली.रिद्धिमा ने कई बड़े स्टार क्रिकेटर्स का इंटरव्यू किया है.



