एसबीआई का अलर्ट, स्मार्टफोन में भूलकर भी न करें ये काम नहीं तो जिंदगी भर की कमाई हो सकती है चपत
भारत में बीते कुछ वर्षों में साइबर अपराधों के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसी को देखते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने ग्राहकों को एक नई चेतावनी दी है। हाल के दिनों में धोखाधड़ी करने वाले साइबर ठग नकली KYC अपडेट, अकाउंट वेरिफिकेशन और इनाम योजनाओं के नाम पर लोगों के स्मार्टफोन में फर्जी लिंक भेज रहे हैं। इन लिंक्स पर क्लिक करते ही मोबाइल में मालवेयर आ सकता है।
कई बार देखने को मिलता है कि साइबर ठग खुद को बैंक अधिकारी बताकर ग्राहकों को डराते हैं कि उनका अकाउंट बंद होने वाला है या KYC अधूरी है। इससे ग्राहक घबराहट में तुरंत उसके द्वारा भेजी गई लिंक पर क्लिक कर देते हैं, जिससे धोखेबाज उनकी वित्तीय जानकारी हासिल कर लेते हैं।
एसबीआई का कहना है कि ग्राहक केवल आधिकारिक एप स्टोर Google Play Store या Apple App Store से ही मोबाइल एप को डाउनलोड करें। किसी भी स्थिति में आपको अंजान लिंक्स से आए APK फाइल या थर्ड-पार्टी एप को डाउनलोड नहीं करना चाहिए।
एसबीआई ने यह भी बताया ह कि साइबर धोखाधड़ी की किसी भी घटना का शिकार होने पर आपको तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए। आप इस नंबर पर जितनी जल्दी कॉल करेंगे उतनी जल्दी पैसे वापस मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
इसके अलावा आप cybercrime.gov.in पर इसकी रिपोर्ट कर सकते हैं। समय पर की गई शिकायत से न केवल नुकसान कम किया जा सकता है बल्कि अपराधियों को पकड़ने में भी मदद मिलती है।



