CM की कुर्सी से नीतीश को हटाने का BJP का प्लान तैयार; RJD ने कुशवाहा की पार्टी में घमासान की क्यों की चर्चा
पटना। सत्ता पक्ष और विपक्ष लगातार एक-दूसरे पर हमलावर है। पार्टी में टूट के दावे किए जा रहे हैं। बीजेपी और जदयू जहां राजद के 25 विधायकों के टूटने का दम भर रहे हैं तो राष्ट्रीय जनता दल ने सत्ता पक्ष के 65 विधायकों के अपने पक्ष में आने की हुंकार भर दी है।
अब राजद ने एक और बड़ा दावा किया है। दल ने उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) में मचे घमासान को सीएम नीतीश कुमार की कुर्सी जोड़ दिया है।
सीएम की कुर्सी हथियाने का प्लान
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बयान जारी कर कहा है कि RLM का सारा खेल सीएम की कुर्सी हथियाने का है। नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाने का प्लान है।
इसी लिए अपने सहयोगी दलों को तोड़ रही है। उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के तीन विधायकों को तोड़ा जा रहा है, यह दिख रहा है।
जिस तरह से भाजपा खेल कर रही है, बहुत जल्द यह दिखेगा कि नीतीश कुमार को कुर्सी से बेदखल कर अपना मुख्यमंत्री बीजेपी बिहार में बनाएगी। इसका प्लान तैयार हो चुका है। अपने सभी सहयोगी दलों को तोड़ेगी।
तीनों विधायकों के इंटैक्ट होने का दावा
राजद के इस आरोप पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि आरएलएम में जो भी हो रहा है, वह आंतरिक मामला है।
इधर आरएलएम के प्रवक्ता रामपकुमार सिन्हा ने तीनों विधायकों के पार्टी के प्रति समर्पित होने का दावा किया है। उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर लिट्टी भोज में तीनों विधायकों के नहीं आने का कारण व्यक्तिगत रहा।
दरअसल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के तीन विधायकों की नाराजगी की बात सामने आ रही है। कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने से विधायकों ने मोर्चा खोल दिया है।
इसी क्रम में उनकी मुलाकात बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से होने की तस्वीरें वायरल होने की घटना ने आग में घी का काम किया।



