चाकू की नोक पर लूट:-काम से पैदल घर लौट रहा था युवक, बदमाशों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर की लूट; आरोपियों से मोबाइल और 200 रुपए बरामद
जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम कुरदा में अंग्रेजी शराब दुकान के पास चाकू दिखाकर युवक से लूट और मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक को चाकू से डराकर उसके पास रखे 700 रुपए नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और 200 रुपए बरामद किए हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम महुदा निवासी राहुल उर्फ देव कुमार बरेठ 23 नवंबर की शाम काम खत्म कर पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह ग्राम कुरदा स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के पास पहुंचा, तभी दो युवक वहां आए। दोनों ने चाकू दिखाकर उससे पूछा कि उसके पास क्या-क्या रखा है।
युवक ने जब कुछ नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे डराया और हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए उसकी जेब से 700 रुपए और हाथ में रखा वीवो कंपनी का मोबाइल लूट लिया। इसके बाद आरोपियों ने दोबारा मारपीट करने के लिए उसे दौड़ाया। युवक किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा और घर पहुंचकर अपने पिता को घटना की जानकारी दी।
डर और रात होने के कारण पीड़ित तत्काल थाने नहीं पहुंचा। 24 नवंबर को उसने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 309(6), 3(5) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटनास्थल और आसपास पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सुनील यादव और नरोत्तम यादव की पहचान की। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने लूट की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल और 200 रुपए नकद बरामद किए।सुनील यादव (21 वर्ष) पिता कार्तिक राम, निवासी जगदल्ला घसिया मोहल्ला सुरागुड़ा, थाना चांपा।
नरोत्तम यादव (31 वर्ष) पिता स्व. तुलसी यादव, निवासी जगदल्ला वार्ड क्रमांक 26, थाना चांपा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 3(5) और 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



