अक्वान चक्रवात से फसल नुकसान की आशंका, किसानों को 72 घंटे में बीमा सूचना देने की सलाह
कटी धान की फसल को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखने की अपील, नुकसान होने पर कृषि रक्षक हेल्पलाइन 14447 पर दर्ज कराएं शिकायत
जांजगीर-चांपा। चक्रवाती तूफान अक्वान के प्रभाव से जिले में हो रही असामयिक बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों के लिए जरूरी सलाह जारी की गई है। किसानों को खेतों में खड़ी तथा कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को सुरक्षित रखने के उपाय अपनाने कहा गया है। वहीं फसल नुकसान होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 72 घंटे के भीतर सूचना देने की अपील की गई है।
किसानों को सलाह दी गई है कि कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी धान की फसल को यथासंभव ऊंचे और सूखे स्थान पर रखें। फसल को पॉलिथीन या तिरपाल से अच्छी तरह ढककर बारिश से बचाएं। मौसम साफ होने पर भीगी हुई फसल को धूप में फैलाकर सुखाएं, ताकि नमी कम हो और फसल में फफूंदी लगने की आशंका न रहे।
खेतों में जलभराव से बचाव की सलाह
खेतों में जलभराव होने की स्थिति में पानी की निकासी की व्यवस्था करने कहा गया है, ताकि खड़ी फसल को नुकसान से बचाया जा सके। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण किसानों को फसल की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
फसल नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर दें सूचना
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित फसल को चक्रवाती तूफान और असामयिक वर्षा से नुकसान होने पर किसानों को 72 घंटे के भीतर शिकायत दर्ज कराने कहा गया है। किसान कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 अथवा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से नुकसान की सूचना दे सकते हैं।
इसके अलावा किसान संबंधित बीमा कंपनी या कृषि विभाग को भी जानकारी दे सकते हैं। सूचना प्राप्त होने के बाद बीमा कंपनी की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फसल नुकसान का सर्वे कराया जाएगा।
समय पर सूचना देने की अपील
किसानों से अपील की गई है कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए फसल सुरक्षा के आवश्यक उपाय अपनाएं। यदि फसल को नुकसान होता है तो निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा के भीतर सूचना दर्ज कराएं, ताकि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा दावा राशि का लाभ मिल सके।



