जिला कलेक्ट्रेट में गर्मी से बेहाल लोग, बैठक कक्षों के पंखे और एसी खराब
कलेक्टर से मिलने पहुंचे आम नागरिक परेशान | व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
जांजगीर-चांपा।जांजगीर-चांपा कलेक्ट्रेट में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आ रही है। कलेक्ट्रेट परिसर के बैठक कक्षों और प्रतीक्षा स्थलों में लगे पंखे और एसी खराब होने से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न समस्याओं और कार्यों को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन गर्मी से राहत देने वाली मूलभूत सुविधाएं ही बंद पड़ी हैं। इससे घंटों इंतजार करने वाले नागरिकों की स्थिति खराब हो रही है।
लोगों का कहना है कि जब जिला मुख्यालय के सबसे महत्वपूर्ण कार्यालय में ही इस तरह की अव्यवस्था है, तो अन्य विभागों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। कई लोगों ने बताया कि उमस और गर्मी के कारण बैठक स्थलों पर बैठना मुश्किल हो रहा है।
नागरिकों ने प्रशासन से खराब पंखों और एसी को जल्द ठीक कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और कार्यालयीन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।



