बिलासपुर में ट्रक चालक की संदिग्ध मौत, हाईवे किनारे खड़े वाहन में मिली 3 दिन पुरानी लाश
बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंवार स्थित नेशनल हाईवे पर खड़े एक ट्रक से चालक की संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि ट्रक पिछले तीन दिनों से सड़क किनारे खड़ा था, जिसके बाद स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची चकरभाठा पुलिस ने ट्रक की जांच की तो अंदर चालक का शव मिला।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी बृजेश गिरी के रूप में की गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि अत्यधिक गर्मी या शराब के अधिक सेवन के कारण चालक की मौत हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर लगातार तीन दिनों तक ट्रक खड़े रहने और किसी को जानकारी न होने को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों और ट्रांसपोर्ट से जुड़े व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।



