चार मर्डर से दहला जांजगीर-चांपा : एक ही परिवार के 4 लोगों की बेरहमी से हत्या, घर में खाट पर मिले शव
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्राम भवंतरा में घर के अंदर खाट पर चारों के शव मिलने से हड़कंप मच गया।
चारों का खाट पर पड़ा मिला शव
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब घर में काम करने पहुंचे मिस्त्रियों ने चारों को खाट पर पड़ा देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है, वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।



