पाकिस्तान का यू-टर्न, ICC के अल्टीमेटम के बाद T20 विश्वकप में भारत के साथ खेलने को तैयार, शहबाज ने दी सफाई
India vs Pakistan, ICC T20 World Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी 2026 को खेले जाने वाले महा-मुकाबले को लेकर सस्पेंस खत्म हो चुका है. दोनों टीमें तय समयानुसार मैदान में उतरेंगी और मैच खेलेंगी. जिसकी पुष्टी स्वयं पाकिस्तान गवर्नमेंट ने की है. पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को निर्देश दिया है कि वह 15 फरवरी 2026 को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में अपने निर्धारित मैच के लिए मैदान में तय समयानुसार उतरे. पीएम शहबाज शरीफ ने ‘ग्रीन टीम’ को अपनी शुभकामनाएं भी दी हैं. पाकिस्तान सरकार ने यह भी कहा कि उन्होंने ग्लोबल क्रिकेट के लिए और श्रीलंका एवं बांग्लादेश का ख्याल रखते हुए भारत के साथ 15 फरवरी को मैच खेलने के लिए अपना मन बनाया है.
पाकिस्तान गवर्नमेंट की तरफ से इस बयान के सामने आने के बाद कई दिनों से चल रही अटकलों पर विराम भी लग गया है कि ‘दुनिया का सबसे महंगा क्रिकेट मैच’ जिसकी लागत कुछ रिपोर्टों के मुताबिक 4000 करोड़ रुपये के आस पास बताई जाती है, होगा या नहीं. पड़ोसी देश की तरफ से यह बयान पीसीबी, बीसीबी और आईसीसी की लाहौर में हुई बैठक के एक दिन बाद आया है.
पाकिस्तान गवर्नमेंट की तरफ से कहा गया है, ‘बहुपक्षीय बातचीत के नतीजों और दोस्त देशों के अनुरोध के बाद पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को निर्देश देती है कि वह 15 फरवरी 2026 को आईसीसी पुरूष टी20 वर्ल्ड कप का अपना निर्धारित मैच खेलने मैदान पर उतरे.’



