Janjgir champa news जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी
ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप, डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने की सघन जांच कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, साइबर सेल को सौंपी गई जांच।
जांजगीर-चांपा जिले के जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद बुधवार को न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही यह मेल सामने आया, न्यायालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस अधीक्षक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पूरे जिले की पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई।
सूचना मिलते ही जांजगीर-चांपा पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनज़र जिला न्यायालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
कोर्ट के हर कक्ष, कार्यालय, पार्किंग एरिया और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की गई।
कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद राहत की बात यह रही कि पुलिस को किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। हालांकि एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए न्यायालय परिसर में आवाजाही सीमित कर दी गई थी, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने स्थिति सामान्य होने की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है, इसका पता लगाने के लिए मामला साइबर सेल को सौंप दिया गया है।
साइबर टीम ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से निगरानी बढ़ा दी गई है। इस घटना के बाद जिला न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।



