अयोध्या में भाजपा के पूर्व MLA ने कवि कुमार विश्वास के धोए पैर, आरती भी उतारी; अखिलेश ने कसा तंज
कवि और कथावाचक कुमार विश्वास सोमवार को अयोध्या पहुंचे। अयोध्या प्रवास के दौरान एक होटल में भाजपा के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने कुमार विश्वास का विशेष सम्मान किया। पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने कवि कुमार विश्वास के पैर धोए, माथे पर तिलक लगाया, फूलों की वर्षा की और आरती भी उतारी।
देश के प्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार के साथ अपने-अपने राम के माध्यम से रामकथा का गुणगान करने वाले कथावाचक कुमार विश्वास श्रवण महोत्सव में हिस्सा लेने अम्बेडकर नगर थाने से पहले महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उतरकर सीधे अयोध्या पहुंचे। इसके बाद उन्होंने राम मंदिर जाकर रामलला का दर्शनन्पूजन किया। दर्शन के दौरान कुमार विश्वास काफी देर रामलला को निहारते रहे। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के न्यासी डॉ. अनिल मिश्र ने कुमार विश्वास का स्वागत किया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ द्वारा कुमार विश्वास के पैर धोने पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने मीडिया पर पोस्ट डालते हुए लिखा कि एक धुलवा रहा है, दूजा धोये चरण,किंतु दोनों रखें इतिहास का स्मरण। ज्ञानी लोग याद रखें, पैर तो पहले भी किसी ने किसी के धोये थे लेकिन जिसने धोये थे, उसने तो लाभ उठा लिया परन्तु जिनके पैर धोये गये थे, उन्हें कुछ नहीं मिला।
यहां तो ये भी एक अजब विडंबना है कि पैर धोनेवाले और जिसके धोये जा रहे हैं दोनों का लक्ष्य एक ही है, और दोनों के हिस्से आना कुछ नहीं है। इस तरह तो दोनों के हाथ खाली ही रहेंगे।वैसे पैर धोने के बाद जो जल होता है उसका क्या किया जाता है ये सब जानते हैं। आधी क्रिया से फल की प्राप्ति नहीं होती है। आदर का आडंबर निरादर लगने लगता है।



