‘वो रात साढ़े 12 बजे बाहर कैसे थी?’, दुर्गापुर दुष्कर्म मामले में सीएम ममता ने कॉलेज मैनेजमेंट पर खड़े किए सवाल
पश्चिम बंगाल एक बार फिर गलत वजहों से चर्चा में है. दुर्गापुर में एमबीबीएस की 23 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. वहीं, राज्य की मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने भी इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है. ममता बनर्जी ने इसे लेकर कॉलेज मैनेजमेंट पर सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि छात्रा रात को 12:30 बजे बाहर कैसे निकली? बनर्जी ने कहा कि इस मामले में उनकी सरकार को घसीटना सही नहीं है क्योंकि लड़की की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी मेडिकल कॉलेज की थी.
मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “पीड़िता एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ती थी. इस घटना का जिम्मेदार कौन होगा? वो रात को 12:30 बजे बाहर कैसे निकली?” ममता बनर्जी ने कहा- पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. ममता बनर्जी के अनुसार, इस तरह की घटनाओं के लिए राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है. प्राइवेट कॉलेजों को भी कैंपस के आसपास कड़ी सुरक्षा लागू करने की जरूरत है.
यह घटना शुक्रवार की देर रात की है, जब पीड़िता अपने एक दोस्त के साथ कैंपस के बाहर घूम रही थी. तभी 3 युवक लड़की को जंगल में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. लड़की को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है. उसके पिता ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है.



