सिडनी के बोंडी बीच पर गोलीबारी, 12 लोगों की मौत, दो पुलिसकर्मी घायल
ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य के सिडनी में बोंडी बीच (समुद्र तट) पर गोलीबारी की घटना में 12 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 11 लोग घायल हैं. पहले दस लोगों की मौत की ख़बर आई थी.
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के प्रमुख क्रिस मिन्स ने बताया है कि मरने वालों की संख्या 12 हो गई है.
ऑस्ट्रेलिया की न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक्स पर पोस्ट किया, “आज बोंडी बीच पर दो लोगों की ओर से एक सार्वजनिक जगह पर हुई गोलीबारी के बाद वहां पुलिस ऑपरेशन जारी है.”
घटना ऑस्ट्रेलियन ईस्टर्न डेलाइट टाइम के अनुसार शाम को 6 बजे (जीएमटी 07.00) के आसपास हुई.
न्यू साउथ वेल्स पुलिस पहले बोंडी बीच पर हुई गोलीबारी में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की थी. पुलिस के अनुसार मृतकों में से एक संदिग्ध हमलावर है. पुलिस ने एक और बंदूकधारी के घायल होने की ख़बर दी गई है और कहा गया है कि उसकी स्थिति गंभीर है.
घटना बोंडी बीच के उत्तर के हिस्से में भीड़भाड़ वाली जगह पर हुई.
वो बताती हैं, “बीच के पीछे घास वाली जगह के पास हनुका का कार्यक्रम चल रहा था. यहां एक फुटब्रिज था जिसका इस्तेमाल लोग बीच की तरफ जाने के लिए कर सकते थे.”
शायद बंदूकधारियों ने इसका इस्तेमाल निशाना साधने के लिए किया था.
टेसा वॉन्ग ने बताया, “गोलीबारी से लगभग घंटाभर पहले मैंने ब्रिज क्रॉस किया था और देखा कि वहां कम से कम 200 लोग मौजूद थे, वहां तेज़ म्यूज़िक बज रहा था और कई तरह की एक्टिविटी भी हो रही थी.”
वह कहती हैं, “जिस जगह पर कार्यक्रम हो रहा था उस पूरी जगह पर मेटल का एक बैरियर बनाया गया था. लोगों के अंदर आने और बाहर जाने के लिए वहां एक गेट था जो दिखने में बैग चेक की तरह था. मोटे तौर पर ऐसा दिख रहा था कि वहां सुरक्षा के कम इंतज़ाम थे.”
साउथ वेल्स पुलिस के प्रमुख क्रिस मिन्स ने बताया है कि मरने वालों की संख्या 12 हो गई है.
क्रिस मिन्स ने बताया “मरने वालों में एक हमलावर है और एक कस्टडी में है.”
उन्होंने कहा कि यह हमला “सिडनी के यहूदी समुदाय को निशाना बनाने के लिए रचा गया था.”
उन्होंने आगे कहा कि जो रात “शांति और आनंद की रात होनी चाहिए थी, वह एक भयानक, बुरे हमले से चकनाचूर” हो गई.
न्यू साउथ वेल्स पुलिस कमिश्नर एम लेनयन ने बताया है कि रात को वहां लगभग एक हज़ार लोग मौजूद थे जो वहां यहूदी त्योहार हनुका मनाने आए थे.
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने इस घटना को “चौंकाने वाली और बेहद परेशान करने वाली” बताया है.
पुलिस के अनुसार, इस घटना में 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं.
न्यू साउथ वेल्स पुलिस अभी इस इलाक़े में विस्फोटकों का पता लगाने और उन्हें हटाने के लिए सक्रिय है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस इलाक़े में आने से बचें और अपुष्ट ख़बरें साझा न करें.
पुलिस ने कहा है कि घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. हालांकि उन्हें कितनी चोट आई है और उनकी स्थिति कैसी है, यह नहीं बताया गया है.
पुलिस ने कहा है कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बीच पर आयोजित किए जा रहे ‘हनुका’ त्योहार से इस घटना का कोई संबंध है या नहीं. ‘हनुका’ यहूदियों का एक त्योहार है.
एक चश्मदीद ने बताया कि जब गोलीबारी शुरू हुई, तब वह अपने बच्चों के साथ बीच पर आयोजित हनुका कार्यक्रम में मौजूद थे.
उन्होंने कहा कि गोलियां चलने के बाद वह अपने बच्चों के साथ वहां से भाग गए.
बीबीसी के लिए ब्रोंटे से रिपोर्टिंग कर रही टैबी विल्सन ने बताया, “आज दोपहर मैं ब्रोंटे बीच पर थी, जैसा कि काम के बाद आम तौर पर करती हूं, तभी मुझे लगातार तेज़ धमाकों की आवाज़ें सुनाई दीं. मेरे अनुमान से क़रीब 20 धमाके थे.”
उन्होंने कहा, “शुरुआत में किसी को खास चिंता नहीं हुई. लगा कि शायद पटाखे फोड़े जा रहे हैं. लेकिन जब हमने अपने उत्तर में स्थित दो बीच, तामारामा और बोंडी के ऊपर हेलिकॉप्टरों को चक्कर लगाते देखा, तब हमें लगा कि कुछ गड़बड़ है. इसके बाद लगातार शूटिंग की ख़बरें आने लगीं.”



