ममता बनर्जी की धड़कन बढ़ाने वाला है बंगाल चुनाव का ताजा ओपिनियन पोल, जानें BJP की कितनी सीटें बढ़ेंगी
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले आए ताजा ओपिनियन पोल में मिली-जुली तस्वीर सामने आई है. सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) एक बार फिर सत्ता में वापसी करती दिख रही है, लेकिन उसकी सीटों में गिरावट के संकेत हैं. वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) पहले के मुकाबले ज्यादा मजबूत नजर आ रही है.
VoteVibe के सर्वे के मुताबिक, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी को 294 सदस्यीय विधानसभा में 174 से 184 सीटें मिल सकती हैं. बहुमत का आंकड़ा 148 है, ऐसे में पार्टी आसानी से सरकार बना सकती है. अगर ऐसा होता है, तो ममता बनर्जी का यह लगातार चौथा कार्यकाल होगा.
VoteVibe के सर्वे में बीजेपी की सीटें बढ़ने का अनुमान
दूसरी ओर बीजेपी को 108 से 118 सीटें मिलने का अनुमान है, जो पहले के सर्वे से ज्यादा है. वहीं कांग्रेस और वाम दलों की स्थिति कमजोर बनी हुई है और उन्हें सिर्फ 0 से 4 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है.
साल 2021 के विधानसभा चुनाव में TMC ने 215 सीटें जीती थीं, जबकि BJP को 77 सीटें मिली थीं. नए सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि TMC की सीटें घट सकती हैं, लेकिन वह सत्ता में बनी रह सकती है, जबकि BJP का ग्राफ ऊपर जाता दिख रहा है.
मिदनापुर में मुकाबला कड़ा रहने की संभावना है, जहां BJP को बढ़त मिलती दिख रही है. वहीं प्रेसिडेंसी और मालदा जैसे इलाकों में टीएमसी की पकड़ मजबूत बनी हुई है.
मुख्यमंत्री प्रत्याशी के रूप में भी ममता को कड़ी टक्कर दे रहे हैं शुवेंदु
मुख्यमंत्री पद के लिए ममता बनर्जी अभी भी सबसे पसंदीदा नेता हैं. सर्वे के अनुसार, 46.4% लोग उन्हें फिर से मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं. वहीं BJP के शुवेंदु अधिकारी को 34.9% समर्थन मिला है. कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी और सीपीएम के मोहम्मद सलीम काफी पीछे हैं.
- VoteVibe के सर्वे में पश्चिम बंगाल चुनाव के मुख्य मुद्दे:
- रोजगार और विकास (35.1%) सबसे बड़ा मुद्दा
- कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा भी अहम
- महंगाई और चुनावी मुद्दे भी चिंता का विषय
- VoteVibe के सर्वे में बंगाल चुनाव में योजनाओं पर वोटरों राय
- करीब 53.6% लोगों का मानना है कि युवाओं के लिए चलाई गई सरकारी योजनाएं बेरोजगारी कम करने में पूरी तरह सफल नहीं रही हैं.
- मुस्लिम वोटर बड़े पैमाने पर TMC के साथ
- SC-ST और ऊंची जाति के हिंदू वोटर BJP की ओर झुकाव
कुल मिलाकर, सर्वे संकेत देता है कि बंगाल में सत्ता टीएमसी के पास रह सकती है, लेकिन BJP इस बार पहले से ज्यादा मजबूत चुनौती पेश करेगी. हालांकि वास्तविक रिजल्ट 4 मई को वोटों की गिनती के बाद साफ हो पाएगा.



