राहुल गांधी की कथनी और करनी में फर्क, नवजोर कौर सिद्धू का बड़ा हमला, पीएम मोदी को बताया अध्यात्मिक
चंडीगढ़: कांग्रेस ने निष्कासित की गई नवजोत सिंह कौर ने अब राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की कथनी और करनी में बहुत बड़ा फर्क है। उन्होंने आरोप लगाया कि नवजोत सिंह सिद्धू से उन्होंने जो वादा किया था, उसे पूरा नहीं किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर हमला बोलते हुए नवजोत कौर ने कहा कि जब उन्होंने पंजाब में हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं की।
नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी ने कहा कि राहुल गांधी अच्छा बोलते हैं मगर वह क्या करते हैं, उसमें बड़ा फर्क है। पिछले 8 महीने में हमने उनसे कई बार कहा कि आपकी ओर से नियुक्त कांग्रेस अध्यक्ष पंजाब के साथ न्याय नहीं कर रहा है। वह कांग्रेस को पंजाब में खत्म कर रहा है। जिस टिकट की बात आप कर रहे हैं, उसे वह पहले बेच चुका है। आप अपने आसपास के लोगों को देखें। यदि आप अवेयर नहीं हैं तो आप कुर्सी डिजर्व नहीं करते।
राहुल गांधी ने नवजोत सिंह सिद्धू से किया था ये वादा
पूर्व कांग्रेस नेता ने कहा कि मैं गायनकॉलिजस्ट हूं और कांग्रेस में आने से पहले हर महीने 40 लाख रुपये कमाती थी। मेरे पति हर दिन 25 लाख रुपये कमाते थे। मेरे पास कमाई का कोई साधन नहीं था। सिद्धू इसे छोड़कर डेढ़ लाख की सैलरी वाला मंत्री पद स्वीकार किया। राहुल गांधी ने नवजोत सिंह सिद्धू को डिप्टी सीएम के साथ 7 मंत्रालय देने का वादा किया था। मगर उन्हें पंजाब सरकार में लोकल बॉडी और टूरिज्म डिपार्टमेंट का मंत्री बना दिया, जिसे सीएम के इशारे से चलाना था। सारे ठेके सीएम तय करते थे। यह क्या है? यह करप्शन है। सारे भ्रष्ट आदमी आपके आसपास हैं, जिसे आप पसंद करते हैं। एक ईमानदार आदमी के लिए राहुल गांधी के पास समय है, जो सच बताता है।
राहुल गांधी को राजनीति विरासत में मिली
नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि राहुल गांधी को राजनीति विरासत में मिली है। उन्होंने ग्राउंड लेवल पर कभी काम नहीं किया है। जमीनी स्तर पर क्या हो रहा है, यह जानना जरूरी है। इसके लिए ग्राउंड रिएलिटी से जुड़ना होगा क्योंकि आप सपनों की दुनिया में नहीं जी सकते हैं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को अध्यात्मिक नेता बताते हुए राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया। नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा पीएम नरेंद्र मोदी की ओर ऊंगली उठाते हैं? मगर उन पर एक पैसे का आरोप नहीं है। वह मोदी पर पर्सनली अटैक करते हैं, जबकि उनके खिलाफ कुछ भी नहीं है।



