जिले की सड़कों पर बढ़ते हादसों को लेकर स्पीड ब्रेकर और संकेतक बोर्ड लगाने की मांग।
बलौदा सहित कई ब्लॉकों के दुर्घटनाजनक मोड़ों पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं | संगठनों ने पीडब्ल्यूडी को सौंपा ज्ञापन
जांजगीर-चांपा। जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग (PWD) से प्रमुख सड़कों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने की मांग की है। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि जिले के विभिन्न ब्लॉकों और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई स्थानों पर स्कूल, बाजार, अस्पताल और आबादी क्षेत्र होने के बावजूद स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक बोर्ड नहीं लगाए गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
संगठनों ने विशेष रूप से बलौदा क्षेत्र को दुर्घटना संभावित बताते हुए कई खतरनाक मोड़ों और स्थानों का उल्लेख किया है। इनमें ग्राम बुढ़गहन का गुरु घासीदास चौक, ठगबहरा बांध, बिरगहनी मोड़, सराईसिंगार कोरबी मोड़, कर्रानाला मोड़, विशाल हरदी पगडंडी मोड़, डोंगरी मोड़, खिसोरा नवापारा मोड़, भारतमाला ओवरब्रिज के नीचे चारपारा-बछौद क्षेत्र, बुचीहरदी मेन रोड, नीलकंठ पेट्रोल पंप के सामने भैंसतरा मोड़, तुस्मा बायपास और शिवरीनारायण क्षेत्र शामिल हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि इन स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने से सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। संगठनों ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।



