सिटी बस | खाद कालाबाजारी | पीएम आवास योजना जांच
भरत सिंह चौहान जांजगीर-चांपा।भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़ ने जनहित से जुड़े तीन महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन की ओर से कलेक्टर को दिए गए ज्ञापन में जिले में सिटी बस सेवा शुरू करने, किसानों को महंगे दाम पर खाद बेचने वालों पर कार्रवाई करने और प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अवैध वसूली की जांच की मांग की गई।
भीम रेजिमेंट के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र रत्नाकर ने कहा कि जिले में लंबे समय से सिटी बस सेवा बंद होने के कारण आम लोगों, छात्रों, मजदूरों और कर्मचारियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सिटी बस सेवा प्रारंभ करने की मांग की।
संगठन ने किसानों की समस्या उठाते हुए आरोप लगाया कि कई दुकानदार यूरिया और डीएपी खाद निर्धारित मूल्य से दोगुने से अधिक दाम पर बेच रहे हैं। भीम रेजिमेंट ने ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा ग्राम पंचायत पचरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर ग्रामीणों से कथित अवैध वसूली का मामला भी ज्ञापन में उठाया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि सरपंच पति द्वारा हितग्राहियों से पैसे लिए जा रहे हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
सुरेन्द्र रत्नाकर ने कहा कि आम जनता, किसानों और गरीब हितग्राहियों के हितों से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



