यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां:- सड़क सुरक्षा अभियान के बीच बनारी NH-49 पर बिना नंबर प्लेट ओवरलोड वाहन फर्राटा भरता रहा
जांजगीर-चांपा। वर्तमान में जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा यातायात, सड़क सुरक्षा एवं सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। जगह-जगह वाहन जांच, हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर चालान की कार्रवाई की जा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
इसी अभियान के दौरान जांजगीर-चांपा जिले के बनारी क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए एक छोटा हाथी वाहन कैमरे में कैद हुआ है। वाहन में क्षमता से कई गुना अधिक रूई (कपास) लदी हुई थी और सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वाहन में नंबर प्लेट तक मौजूद नहीं थी।
बिना नंबर प्लेट, बिना पहचान और भारी ओवरलोड के बावजूद चालक बेखौफ होकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाता नजर आया। यह स्थिति न केवल मोटर वाहन अधिनियम का सीधा उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों, दुपहिया चालकों और राहगीरों की जान के लिए गंभीर खतरा भी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ऐसे ओवरलोड और बिना वैध दस्तावेज वाले वाहन रोज़ाना दिखाई देते हैं। सवाल यह है कि जब यातायात और सड़क सुरक्षा अभियान चल रहा है, तब इस तरह के वाहन कैसे पुलिस की नजरों से बचकर सड़कों पर फर्राटे भर रहे हैं?
इस घटना ने अभियान की प्रभावशीलता, नियमित निगरानी और प्रवर्तन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम नागरिकों पर सख्ती और भारी वाहनों पर ढिलाई—क्या यही यातायात नियमों का पैमाना बन गया है?
अब देखने वाली बात यह होगी कि इस मामले के उजागर होने के बाद यातायात पुलिस और संबंधित विभाग ठोस कार्रवाई करते हैं या फिर सड़क सुरक्षा अभियान केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगा।



